
चतुर नारद ब्यूरो: कांग्रेस नेतृत्व ने एक बार फिर युवा नेता मोहित उनियाल पर भरोसा जताते हुए परवादून जिलाध्यक्ष की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। मोहित उनियाल को राहुल गांधी के भरोसेमंद सिपाही के रूप में देखा जाता है, जिन्होंने भारत जोड़ो यात्रा में राहुल के साथ पैदल यात्रा तय की थी।
हर जिलाध्यक्ष के चयन में राहुल गांधी की भूमिका
देशभर में चले संगठन सृजन अभियान में राहुल गांधी ने जिलाध्यक्षों के चयन पर खास जोर दिया। राहुल गांधी ने प्रत्येक जिलाध्यक्षों को उनकी परफॉर्मेंस और पार्टी के प्रति निष्ठा व भविष्य में नेतृत्व क्षमता की संभावनाओं को देखते चयन किया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने बताया कि राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान महत्वपूर्ण स्टेटमेंट दिया था जिसमें उन्होंने कहा था कि इस यात्रा के लिए देशभर से चुने गए यात्रियों को संगठन में मौका दिया जाएगा। इसी के तहत राहुल ने मोहित उनियाल समेत कई युवा कार्यकर्ताओं को संगठन की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
माना जा रहा है कि मोहित उनियाल को हाल ही में डोईवाला ब्लॉक प्रमुख व देहरादून जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर कांग्रेस की बड़ी जीत का तोहफा मिला है।

मोहित उनियाल, जिलाध्यक्ष पद के बड़े दावेदारों ऋषिकेश महानगर अध्यक्ष राकेश सिंह मियां और व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र पर भारी पड़े। इनमें कई दिग्गज हरीश रावत के करीबी माने जाते रहे हैं और वे अपनी दावेदारी को काफी मजबूत मान रहे थे। लेकिन पार्टी नेतृत्व ने अब संगठन सृजन अभियान के तहत अब संगठन में पदाधिकारियों के चयन में अपनी पारंपरिक कार्यशैली में बड़ा बदलाव भी किया है।

ब्लॉक व जिला पंचायत चुनाव में टिकट वितरण से लेकर चुनाव प्रचार में सभी प्रमुख नेताओं को साथ लेकर चलने और पार्टी को जीत दिलाने से कांग्रेस नेतृत्व मोहित उनियाल में भविष्य की संभावनाएं देख रहा है। डोईवाला निवासी मोहित उनियाल के चयन के पीछे ऋषिकेश व डोईवाला विधानसभा को साधना भी बड़ी रणनीति का हिस्सा है।
वहीं, मोहित उनियाल को सादगीभरी जीवनशैली के लिए भी जाना जाता है। मोहित उनियाल ने लगातार दूसरी बार जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलने पर कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे, एलओपी राहुल गांधी, प्रदेश अध्यक्ष समेत सभी का आभार जताया है।
