चतुर नारद ब्यूरो: झूठी शान शौकत दिखाकर संपन्न परिवार की लड़की से शादी करके ससुराल से 20 लाख रूपये ऐंठने का मामला सामने आया है। शादी के बाद लड़के की पोल खुली तो सास ने जालसाजी दामाद के खिलाफ देहरादून में मुकदमा दर्ज कराया है।
शाहजहांपुर निवासी सरिता यादव ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि महाराणा प्रताप कालोनी छुटमुलपुर यूपी निवासी पंकज सैनी शिवालिक कालोनी बंजारावाला देहरादून में रहता है। कहा कि पंकज ने खुद को जीएमएस रोड स्थित त्रिदेव टावर में इन्नति डिजिटल ई मार्केट प्राइवेट लिमिटेड और एक एनजीओ का संस्थापक बताया। सितंबर 2021 में उसने उनकी बेटी को झांसे में फंसाकर अपने कार्यालय में सीईओ पद पर नौकरी दी। इसके अलावा आरोपित पंकज उनकी बेटी को जीएमएस रोड स्थित एक कोठी में ले गया और झूठ बताया कि वह कोठी उसकी है।
इसके बाद आरोपित ने उनकी बेटी के सामने शादी का प्रस्ताव रखा, जिस पर बेटी राजी हो गई। इसके बाद आरोपित ने अपना कारोबार बढ़ाने के लिए उनसे 20 लाख रुपए मांगे। उन्होंने उसे 20 लाख रुपए दे दिए। 22 अप्रैल 2022 उनकी बेटी का आरोपित पंकज के साथ विवाह हुआ।
कहा कि शादी के एक हफ्ते बाद पता चला कि वह कोठी उसने किराए पर ली है और लंबे समय से कोठी का किराया भी नहीं दिया है।
कहा कि उसने कोठी का किराया चुकाने के लिए उनकी बेटी के जेवर गिरवी रख दिए। इसके बाद खुद को शारीरिक रूप से अक्षम बताकर उनकी बेटी पर तलाक देने का दबाव बनाया। आरोपित ने ब्लैंक चेक पर बेटी के हस्ताक्षर कराकर चेक बाउंस के आरोप में उन्हें और उनकी बेटी के खिलाफ पुलिस में झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया और केस वापस लेने के लिए 20 लाख रुपए की मांग करने लगा।
तहरीर के आधार देहरादून पुलिस ने दामाद को आरोपित मानते हुए उसके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर चंद्रभान सिंह ने कहा कि आरोपित को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।











Leave a Reply