Chatur Narad

News Portal

भाजपा के प्रदर्शन ने कांग्रेसियों को किया एकजुट, पूरे जोश में दिखे कांग्रेसी

चतुर नारद ब्यूरो: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वर्गीय मां के बारे में कांग्रेस के मंच से अमर्यादित टिप्पणी को लेकर ऋषिकेश में भी भाजपा कार्यकर्ताओं में उबाल दिखा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने अन्य शहरों की तरह ऋषिकेश कांग्रेस कार्यालय का कूच निकाला और कांग्रेस नेता राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग की। मगर, भाजपा का यह प्रदर्शन कांग्रेसियों के लिए गुड न्यूज के रूप में देखा गया।
हो भी क्यों ना, कई वर्षों बाद कांग्रेस का आम कार्यकर्ता से लेकर पार्षद, नेता और पदाधिकारी पूरे जोश में दिखे और भाजपाइयों से लोहा लेने को बेताब नजर आए। महानगर अध्यक्ष राकेश सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता और युवा कांग्रेस, एनएसयूआई एकजुट दिखे। ऐसी एकजुटता और पार्टी के मर मिटने का जज्बा कांग्रेसियों में कई सालों बाद देखने को मिला।

भाजपा कार्यकर्ता भी खूब गरजे, राहुल पर मातृशक्ति का अपमान का आरोप::
भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता रेलवे रोड पर कांग्रेस कार्यालय मार्च के दौरान खूब गरजे। पूर्व मेयर अनीता ममगाईं भी लंबे समय बाद पूरे तेवर में दिखी। अनीता ममगाई कांग्रेसियों से भिड़ने में आगे-आगे दौड़ी, हालांकि उन्हें पुलिस ने रोक लिया। जिला उपाध्यक्ष एवं व्यापार मंडल के नगर महामंत्री प्रतीक कालिया, मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, कपिल गुप्ता, शिव कुमार गौतम, कविता शाह समेत कई बड़े नेता समर्थकों के साथ मार्च में शामिल हुए और राहुल गांधी मुर्दाबाद के नारे लगाए। उन्होंने राहुल गांधी व कांग्रेस पर मातृशक्ति का अपमान करने का आरोप लगाया और देश से मांगी मांगने की मांग की।

कांग्रेसियों ने राहुल गांधी के नारे को बुलंद किया::


कांग्रेसियों ने वोट चोर-गद्दी छोड़.. के नारे लगाए। कांग्रेसी अब खुलकर राहुल गांधी के समर्थन में खड़े होने लगे हैं और अब राहुल गांधी के लिए सत्ता से भिड़ने को भी तैयार नजर आ रहे हैं। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा, न्याय यात्रा और अब वोटर अधिकार यात्रा की सफलता से उत्साहित ऋषिकेश कांग्रेस अब राहुल गांधी के वोट चोरी को लेकर लगाए आरोपों को आमजन तक पहुंचाने में जुट गए हैं। इसी के तहत अब ऋषिकेश कांग्रेस ने भी इस नारे को सड़क पर आमजन के बीच लगाना शुरू कर दिया है।

कांग्रेस ने रणनीति के तहत दिया जवाब:


कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राकेश सिंह एडवोकेट ने नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने के साथ ही भाजपा के उग्र प्रदर्शन का जवाब शांतिपूर्ण तरीके से देने की रणनीति बनाई। इसी के तहत नारेबाजी करते कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ रहे भाजपा कार्यकर्ताओं का कांग्रेस पार्षद अभिनव सिंह मलिक समेत कई नेताओं ने खास अंदाज ने स्वागत किया। पार्षद अभिनव ने पूर्व मेयर अनीता ममगाईं, युवा नेता जितेंद्र पाल पाठी, नितिन सक्सेना को चॉकलेट बांटकर स्वागत किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता भी असहज दिखे। हालांकि, वे राहुल गांधी मुर्दाबाद के जोरदार नारे लगाते रहे। वहीं, कांग्रेस की युवा ब्रिगेड कांग्रेस कार्यालय में भी पूरी तरह डटी रही और भाजपा कार्यकर्ताओं की किसी भी अराजकता का कड़े तरीके से जवाब देने को तैयार दिखे।

ये कांग्रेसी पूरे जोश में दिखे :
कांग्रेसी पार्षद दल के नेता देवेंद्र प्रजापति ने वोट चोरी-गद्दी छोड़.. की तख्ती पकड़ी रही। उनके साथ वरिष्ठ नेता मदनमोहन शर्मा, अरविंद जैन, पूर्व राज्यमंत्री राकेश अग्रवाल, पार्षद अभिनव सिंह मलिक, विवेक तिवारी, दीपक जाटव, मधुसूदन बहुगुणा, मधु शर्मा, उमा ओबेरॉय, अभिषेक शर्मा, युकां नेता हिमांशु कश्यप, एनएसयूआई महानगर अध्यक्ष हिमांशु जाटव, सौरभ वर्मा व कई अन्य शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *