Chatur Narad

News Portal

ऋषिकेश में अवैध गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़, चौंक जाएंगे आप

चतुर नारद ब्यूरो

ऋषिकेश: नागरिक आपूर्ति विभाग ने बीते मंगलवार शाम को लक्कड़घाट रोड खदरी में एक निर्माणाधीन मकान में बड़े पैमाने पर अवैध गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़ किया है। विभागीय छापे के दौरान 122 व्यावसायिक समेत कुल 134 सिलिंडर बरामद किए गए। साथ ही अवैध रिफिलिंग में प्रयोग होने वाले कई विशेष उपकरण भी मिले हैं।

नागरिक आपूर्ति विभाग की ओर से ऋषिकेश कोतवाली में अज्ञात आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। नागरिक आपूर्ति विभाग ऋषिकेश के वरिष्ठ निरीक्षक सुनील देवली की ओर से कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया गया कि मंगलवार शाम को विभागीय टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर लक्कड़घाट रोड स्थित एक निर्माणाधीन मकान में छापा मारा। इस दौरान मकान में 71 व्यावसायिक व 12 घरेलू गैस सिलिंडर (14.2 किग्रा) बरामद किए गए। मकान के बाहर खड़े वाहन संख्या यूके 14 सीए 6693 में 28 व वाहन संख्या डीएल 1 एलबी 5585 में भी 35 व्यावसायिक सिलिंडर मिले हैं। इसके अलावा अवैध रिफिलिंग में प्रयोग किए जा रहे पांच विद्युतचालित मोटरजनित रिफिलिंग किट, 15 बांसुरी (रिफिलिंग यंत्र) व एक इलेक्ट्रानिक तराजू भी बरामद किया गया है। कहा कि सिलिंडरों को जब्त कर त्रिवेणी गैस एजेंसी के सुपुर्द किया गया है, जबकि वाहनों को क्रेन की मदद से आइडीपीएल चौक में खड़ा करवाया गया है। कहा कि वाहनों में अवैध रिफिलिंग व सिलिंडरों का अवैध भंडारण आवश्यक वस्तु अधिनियम की संबंधित धाराओं के अंतर्गत दंडनीय अपराध है। उन्होंने पुलिस से आरोपित अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने बताया कि नागरिक आपूर्ति विभाग की ओर से मिली लिखित शिकायत पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *