सात पार्षदों ने जल संस्थान में किया घेराव, जमकर हंगामा
चतुर नारद ब्यूरो:
पानी के बढ़े बिलों की समस्या को लेकर ऋषिकेश नगर निगम के सात पार्षदों ने जल संस्थान कार्यालय का घेराव किया। तेज बारिश के बीच पार्षदों ने एकजुट होकर विभागीय अधिकारियों के खिलाफ हल्ला बोला।
इंद्रानगर के पार्षद राजेंद्र प्रेम सिंह बिष्ट की पहल पर सभी पार्षद शुक्रवार सुबह टीएचडीसी के समीप स्थित जल संस्थान कार्यालय में पहुंचे। सभी पार्षद अपने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर खूब गरजे।
राजेंद्र प्रेम सिंह बिष्ट: राजेंद्र प्रेम सिंह बिष्ट ने कहा कि शिकायतों के बावजूद पानी के बढ़े बिलों की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। अधिकारी अपनी कार्यशैली में सुधार लाने को तैयार नहीं हैं। कहा कि अब आमजन की उपेक्षा को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सुरेंद्र सिंह नेगी (सूरी): शिवाजी नगर पार्षद सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि उनके क्षेत्र में भी लंबे समय से पानी के बिल बढ़कर आ रहे हैं। क्षेत्र में दूषित पेयजल आपूर्ति की समस्या भी बनती रहती है। कहा कि आमजन की समस्या के प्रति उदासीन रवैया चिंता का विषय है।
बीरेंद्र रमोला : अमित ग्राम पश्चिम के पार्षद बीरेंद्र रमोला ने भी जल संस्थान के अधिकारियों के हठपूर्ण रवैये को लेकर हैरानी जताई और कहा कि जहां भी आमजन के साथ अन्याय होगा, सैन्य पृष्ठभूमि से होने के कारण बीरेंद्र रमोला उनको न्याय दिलाने को साथ साथ खड़ा रहेगा।
राजेश कोठियाल: मालवीय नगर के युवा पार्षद राजेश कोठियाल ने कहा कि वह इससे पहले भी जल संस्थान में घेराव कर चुके हैं। तब अधिकारियों ने समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन समस्याएं दूर नहीं हुई है। कहा कि
अब पानी सिर से ऊपर पहुंचने लगा है। अब वे चुप नहीं बैठेंगे।
अनिल रावत : सुमन नगर के पार्षद अनिल रावत ने कहा कि उनके क्षेत्र में भी पेयजल समस्याएं बनी हुई हैं। अधिकारी जनता की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। अब निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी।
संजय बिष्ट: नेहरू ग्राम के पार्षद संजय बिष्ट भी खासा मुखर दिखे। उन्होंने भी अधिकारियों को कड़े शब्दों में चेतावनी दी।
चेतन चौहान : आदर्श नगर के पार्षद चेतन चौहान ने भी विभागीय अधिकारियों की कार्यशैली के खिलाफ रोष जताया।











Leave a Reply